Friday, July 8, 2016

गंगा स्वर्ग से नर्क में
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे
राजनीति में तू ही बची है ,अब सब तेरा जाप करेगे
हिन्दू,मुस्लिम,सिक्ख, इसाई के झगडो में जान नही है
जाँति-पाँति और कौम कबीलो में नेता का मान नही है
तू ही बची है बोट-बैंक अब, सब तुझसे प्रलाप करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे

भव-सागर तारण माँ गगा, इन सबको तू तार रही है
गंगा, जमुना तहजीबों की सत्ता में तू धार रही है
तेरे जल में बहने वाला, मल भी नेता बन जाता है
तेरी साफ - सफाई करने वाला ही तुझको खाता है
आडम्बर में नेता अपने क्रिया और कलाप करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे

तेरी छाती में नौकाओं के क्रिडा - दल खेल रहे हैं
गंगा तट पर सभी तामसी माँस, मदिरा पेल रहे हेैं
मच्छी, केकडे. और जलमुर्गी, आखेटक से घिरी पडी है
गंगा का जल बेचने वालो से माँ गंगा चिरी पडी है
तेरी महिमा धीरे - धीरे मिलकर सारे हाफ करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे

तेरे नाम से संस्थाए घाटों पर चन्दा काट रही है
साधू, माई और पण्डो की पीढी धन्धा बाँट रही है
क्षत,विक्षत शव,हवन धूलि और पत्र, पुष्प तू ही ढोती है
गंगा मैली पापी से कम , भक्तों से ज्यादा होती है
राजनीति के भक्त बावरे, अब कुछ ज्यादा पाप करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे

अरब-खरब की माया तेरे जल में समतल हो जाती है
तेरे ही कारण तो भारत में प्रदूषण की भी ख्याति है
तेरे जल के जाँच परिक्षण से संरक्षण मिल जाता है
प्रदूषण , जल - बोर्ड नियन्त्रण तेरे नाम ही खाता है
खून - पसीने की सब पूंजी, ये अधिकारी साफ करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे

डाकू, चोर, उचक्के, पापी के पापों को काट रही है
कंही कंही तो जिला,गाँव और पंचायत को बाँट रही है
खनन माफिया तेरे कारण अरब -खरब में खेल रहे हैं
जो तेरे अतरंग भक्त है, वो तेरी पीडा झेल रहे हैं
उनकी भी सुध ले -ले मैय्या, कब तक ये सन्ताप करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे

हे माँ गंगा ,आधे भारत को तू ही तो पाल रही है
गौ-मुख से गंगा सागर तक, मूँह में रोटी डाल रही है
जोगी,भोगी,व्यवसायी सब तेरे ही गुण क्यों गाते है
तेरे तट पर बसे हुये सब तेरी महिमा से खाते है
मां गंगा की लुटि अस्मिता पर ये पश्चाताप करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे

गौ-मुख से गंगा सागर मल सब तुझ पर डाल रहे हैं
राजनीति में होड लगी है, नेता तुझको पाल रहे हैं
सब तुझको मैला करने वाले, शपथ तेरी ही खाते हैं
सारे नेता तेरे तट पर भजन सियासी गाते हैं
अब तेरी पूजा, धोती, कुर्ते, नेता सडक छाप करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे

व्यभिचारी,अत्याचारी सब तेरी शरण, ग्रहण करते हैं
पाप, ताप, संताप तुझी पर धो-धो कर अर्पण करते हैं
कुम्भ लगाकर तेरे नाम से ,कुम्भकरण भी लूट रहे है
हर-हर गंगे के नारे से सब , मिटटी तेरी कूट रहे है
राजनीति के सभी निशाचर,अब कितना और पाप करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कब तक तुझको साफ करेगे

भागीरथ के पापों का फल माँ गगा क्यों भोग रही है
जप,तप,पूजा,पाठ,तपस्या, इस कलियुग में रोग रही है
हे माँ गंगा इस धरती में तेरा अब सम्मान नही है
डेढ अरब की इन भीडों में, तेरी वो पहचान नही है
कवि आग इस आडम्बर से, माँ को ये शमशान करेंगे
हे माँ गगा इस कलियुग में कितना तुझको साफ करेगे।।
राजेन्द्र प्रसाद बहुगुणा;आग
मो09897399815
rajendrakikalam.blogspot.com

No comments:

Post a Comment