दिल्ली के शेख-चिल्ली
दिल्ली में भी झगडा देखो,हिन्दू,मुस्लिम, सिक्ख, इसाई
मैं भीअब तक समझ ना पाया,ये दिल्ली किसकी है भाई
कंही केजरी,माकन हैं, कंही किरण भी दावा ठोक रही है
आप, कांग्रेस, बी.जे.पी. भी सब, सबके रस्ते रोक रही है
जनता भी भयभीत खडी है, देख के नेता की परछायी
मैं भी अब तक समझ ना पाया,ये दिल्ली किसकी है भाई
झोपड पट्टी को घर देंगे, बिजली , पानी फ्री कर देंगे
घर - घर में स्कूल ,मदरसे, शिक्षा आसमान से बरसे
नंगी जनता रोटी, कपडा और चाकरी को भी तरसे
नेता जी के भाषण सुनकर, कांप रहा है भारत डर से
धर्म ,मजहब की खोद रहे हैं, सारे नेता मिलकर खाई
मैं भी अब तक समझ ना पाया,ये दिल्ली किसकी है भाई
सबको लेकर साथ चलेंगे,कब तक जन-गण,नाथ जलेंगे
जनमत कब तक हाथ मलेंगे, कितने भूखे पेट पलेंगे
सत्ता वाले सब सडको पर, नजरें लडकी और लडकों पर
धनी भिखारी भीख मांगते,झोपड पट्टी और कडकों पर
घूम रहे हैं योगी, भोगी, वैरागी, जोगी और माई
मैं भी अब तक समझ ना पाया,ये दिल्ली किसकी है भाई
लोक-सभा के पूरब ,बिहारी, सबकी अपनी हिस्सेदारी
जाट, पंजाबी पकड रहे हैं, वाह रे ,सांसद की बलिहारी
कंही जेतली, सुषमा, रूढी, अपने पासे फेंक रहे है
इस राजनीति के हवन-कुण्ड मे,मोदी आंखे सेंक रहे है
नाप रहे है, किस जोकर के पोखर में कितनी गहरायी
मैं भीअब तक समझ ना पाया,ये दिल्ली किसकी है भाई
सुन्दर - सुन्दर हीरो, हीरे, बम्बई के ककडी और खीरे
सौन्दर्य प्रसाधन वाली नारी, लुटि पडी हैं सबकी चीरे
प्रजातन्त्र के इस नाटक में वोट मांगती घूम रही है
दिल्ली की लावारिस जनता, इसी आड. में झूम रही है
भाट,चारणोे ने भी अपनी,फिल्मी धुन सडकों पर गायी
मै भी अब तक समझ ना पाया,ये दिल्ली किसकी है भाई
अन्ना जी के सारे चेले, गिल्ली - डण्डा सडक मे खेले
बूढे को सडको पर छोडा, बिल्ली ने भी नाता तोडा
मच छोड कर सारे तोते, अब मार रहे दिल्ली मे गोते
जिनको घोडा समझ रहे थे,निकले सब टट्टू और खोते
अन्ना ने देखो,किस-किस की किस्मत कितनी चमकाई
मै भीअब तक समझ ना पाया,ये दिल्ली किसकी है भाई
अनुमानो के जोड - तोड में सारे चैनल, लगे हुये हैं
नेताओं के आगे - पीछे सब भाग रहे है जगे हुये हैं
जिसको जितना माल मिला है,उतना गुणा-भाग करता है
ये भारत का प्रजातन्त्र तो आज मिडिया से मरता है
कवि आग की मजबूरी है लिखता है सबकी चतुरायी
मैं भीअब तक समझ ना पाया,ये दिल्ली किसकी है भाई।
राजेन्द्र प्रसाद बहुगुणा(आग)
मो0 9897399815
rajendrakikalam.blogspot.com

No comments:
Post a Comment