Friday, June 17, 2016

वफादार कुत्ता
हम कुत्ते दो रोटी खाकर सबको सदा जगाते आये
हमने चोर- उचक्के, डाकू गलियों से भी सदा भगाये
गली,मुहल्ले,सम्प्रदाय में हम सब मिलकर ही रहते हैं
परदेषी घर में घुस जाये तभी भौंक कर कुछ कहते हैं
लावारिस होकर भी हमने घर के चक्कर सदा लगायेे
हम कुत्ते दो रोटी खाकर सबको सदा जगाते आये

लाठी,डण्डे,तृष्कार को सहकर भी हम स्वामि-भक्त हैं
मानवता की चौकीदारी में भी डटकर सदा शसक्त हैं
हर खतरे को सूंघ - सूंघ कर भांप - भांप कर बतलाते हैं
जंहा भी दो रोटी मिलती है, मरते दम तक गुण गाते हैं
इतिहास है हम कुत्तों से सबने अब तक लाभ उठाये
हम कुत्ते दो रोटी खाकर सबको सदा जगाते आये

पूरा राष्ट्र चबाकर नेता आज राष्ट्र का रखवाला हेै
चोर चकारी, हेरा - फेरी करके भी इज्जत वाला है
वैभवता की अभिलाषा में नेता डाका डाल रहे हैं
भाषण से ऐसा लगता है यही राष्ट्र को पाल रहे हैं
प्रमाण है नेता अब तक वतन लूट कर खाते आये
हम कुत्ते दो रोटी खाकर सबको सदा जगाते आये
निम्न कोटि में रहकर भी हम इन चोरों के वफादार हैं
काम,क्रोध,मद,लोभ, मोह की माया से हम सदा पार हैं
लावारिस मरकर भी हममे राष्ट्र - द्रोह का दाग नही है
हमे खुशी है आज हमारा, मानव जैसा भाग नही है
सम्प्रदाय, मजहब के डबरों में भी सदा नहाते आये
हम कुत्ते दो रोटी खाकर सबको सदा जगाते आये

आज मिलिट्री, पुलिस सुरक्षा में भी हम तैनात खडे हैं
देश की रक्षा करने वाले हर फौजी के साथ अडे हैं
दुश्मन का आभाष मिला तो दुश्मन को भी कच्चा खाया
मेरे देश के नेता ने तो दुश्मन के घर हाथ मिलाया
भौंक-भौंक कर राष्ट्र-भक्ति राष्ट्र के गीत सदा हमने भी गाये
हम कुत्ते दो रोटी खाकर सबको सदा जगाते आये

हिन्दू,मुस्लिम,सिक्ख,इसाई की हमको पहचान नही हेै
जिस घर की रोटी खाते हैं अपना हिन्दुस्तान वही है
मानवता का जीवन पाना सदा श्रेष्ठ हमने माना था
गीता,रामायण, कूरूआन में मानवता का ही गाना था
हम देख रहे हैं ,मानव-मानव को ही सदा संताते आये
हम कुत्ते दो रोटी खाकर सबको सदा जगाते आये

आदर्शों का ज्ञान नही है, नैतिकता अनुमान नही है
झूठ,कपट,छल क्या होता है इसका भी संज्ञान नही है
आज आदमी की तुलना में हमको गौेरव-गान मिला हेै
सौभागय है कौम - कबीलों, हमको हिन्दुस्तान मिला हेै
कवि आग को वफादार तो नेता कम , कुत्ते ही भाये
हम कुत्ते दो रोटी खा कर सबको सदा जगाते आये।।
राजेन्द्र प्रसाद बहुगुणा (आग)
मो0 9897399815
rajendrakikalam.blogspot.com

No comments:

Post a Comment